घर बैठे कर सकते हैं कमाई: दो भाषाओं की समझ है तो ट्रांसलेटर बनकर कमा सकते हैं 50 हजार रुपए महीना, बिना कुछ निवेश के होगी काम की शुरुआत
घर से ट्रांसलेशन करने वाले रोजाना 5-6 घंटे काम करते हैं। ज्यादातर मामलों में प्रति शब्द एक से 3-4 रुपए तक मिलते हैं। रोजाना 1500 से 2000 शब्दों का अनुवाद कर 50 हजार रुपए महीना कमा सकते हैं। आज हम आपको ट्रांसलेटर की जॉब के बारे में बता रहे हैं ताकि आप भी घर बैठे पैसे कमा सकें।
कौन दे सकता है ट्रांसलेशन सर्विस?
ऐसे लोग जिन्हें कम से कम दो भाषाओं का अच्छा ज्ञान हो, वे ट्रांसलेशन सर्विस शुरू कर सकते हैं। इन दो भाषाओं में से एक आपकी मातृभाषा हिन्दी, गुजराती, मराठी आदि हो सकती है और दूसरी अंग्रेजी। भारत में अनुवाद का ज्यादातर काम अंग्रेजी से भारतीय भाषाओं में करने के लिए आता है। अगर आपकी किसी विषय जैसे फाइनेंस, आईटी, हेल्थ आदि की अच्छी जानकारी है, जो आप इसे अपनी विशेषज्ञता भी बना सकते हैं।
कैसे करें शुरुआत?
आप जिस लैंग्वेज पेयर में काम करना चाह रहे हैं, उससे जुड़े कुछ कंटेट का अनुवाद अभ्यास के लिए कर लें और उस पर अपने आसपास के लाेगाें से फीडबैक लें। अगर फीडबैक अच्छा है, तो आप काम मांगने के लिए अपने क्लाइंट्स से सीधा संपर्क कर सकते हैं। उन्हें अपनी विशेषज्ञता के बारे में बताएं। हो सकता है कि आपसे ट्रांसलेशन का सैंपल मांगा जाए।
कहां से मिलेगा काम?
पब्लिकेशन हाउस, ट्रांसलेशन एजेंसियां, पीआर एजेंसियां, सरकारी विभाग मुख्य रूप से इस तरह की सेवाएं लेते हैं। आप इन्हें गूगल पर सर्च कर सकते हैं। इसके अलावा लिंक्डइन पर इन्हें ढूंढ कर आप इनसे संपर्क कर सकते हैं। ट्रांसलेशन के काम की कमी नहीं होती। यदि आपका काम अच्छा है, तो लगातार काम मिल सकता है। आप प्रोज, ट्रांसलेटर्स कैफे और अपवर्क जैसी वेबसाइटों पर भी रजिस्टर करा सकते हैं।
कितना निवेश जरूरी?
आप जीरो निवेश से शुरुआत कर सकते हैं। मोबाइल टेक्नोलॉजी और इंटरनेट बूम ने ट्रांसलेशन के बिजनेस को आसान बना दिया है। आप सिर्फ अपने फोन की बदौलत अनुवाद का काम शुरू कर सकते हैं। हालांकि, बड़े काम के लिए लैपटॉप या डेस्कटॉप होना जरूरी हो जाता है। अगर आप इस पेशे में आगे जाना चाहते हैं तो कैट टूल, सबटाइटिल सॉफ्टवेयर में निवेश करना अच्छा फैसला हो सकता है।
कितनी कमाई संभव?
आप ट्रांसलेशन कैरियर की शुरुआत 1000 शब्द प्रति दिन से कर सकते हैं। अनुभवी अनुवादक एक दिन में 3000 शब्द तक ट्रांसलेट कर लेते हैं। ट्रांसलेशन के जरिए शुरुआत में 5 से 10 हजार रुपए महीने कमाए जा सकते हैं। अनुभवी अनुवादक 50 हजार से लेकर लाखों रुपए हर महीने कम लेते हैं।
क्या होती है चुनौती?
ट्रांसलेशन का काम बेहद डिमांडिंग होता है। अकसर इसकी टाइट डेडलाइन होती है। ऐसे में असाइनमेंट को एक बार स्वीकार करने के बाद उसे तय समयसीमा के भीतर देना जरूरी होता है। ऐसा न करने पर बाजार में आपका नाम खराब हो सकता है और नया काम मिलने में मुश्किल आ सकती है। इसके साथ, आपको भाषा के अलावा कई बार संबंधित विषय की जानकारी होना भी जरूरी हो जाता है।