‘हिटमैन’ रोहित शर्मा की अपने पसंदीदा पुल शॉट से सजी लाजवाब पारी की मदद से मुंबई इंडियन्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पांचवें मैच में बुधवार को अबुधाबी में पांच विकेट पर 195 रन बनाए। रोहित ने 54 गेंदों पर 80 रन की पारी खेली जिसमें तीन चौके और छह गगनदायी छक्के शामिल हैं।
अपनी इस शानदारी पारी की बदौलत रोहित ने आईपीएल में एक खास मुकाम भी हासिल कर लिया है। मुंबई इंडियंस के कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आईपीएल में छक्कों का दोहरा शतक पूरा कर लिया है और यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने बुधवार को कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ 80 रन की पारी में छह छक्के लगाकर यह उपलब्धि अपने नाम की।
🚨 Milestone Alert
The HITMAN now has 200* SIXES in the IPL.@ImRo45 #Dream11IPL pic.twitter.com/aaM9XVYyD6
— IndianPremierLeague (@IPL) September 23, 2020
रोहित के 190 मैचों में 200 छक्के हो गए हैं। उन्होंने आईपीएल में अपने कुल रन 4990 पहुंचा दिए हैं और वह 5000 रन पूरे करने से मात्र 10 रन दूर रह गए हैं। आईपीएल में सबसे अधिक छक्के मारने में किंग्स इलेवन पंजाब के क्रिस गेल ने 125 मैचों में 326 छक्के, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के एबी डिविलियर्स ने 155 मैचों में 216 छक्के और चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 192 मैचों में 212 छक्के उड़ाए हैं।