अब्दुल बारी सिद्दकी हारे, सिवान में भिड़े भाजपा-राजद के कार्यकर्ता, लाठीचार्ज; 126 पर एनडीए, 107 पर महागठबंधन आगे
दरभंगा के केवटी से अब्दुल बारी सिद्दकी चुनाव हार गए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई वाली एनडीए बिहार चुनावों में जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। राजद सुप्रीमो लालू यादव रांची के रिम्स में लॉन में बैठकर धूप सेंक रहे हैं। जबकि उनके करीबी भोला यादव चुनाव नतीजों में पीछे चल रहे हैं। लालू के छोटे बेजे तेजस्वी यादव बिहार में राघोपुर सीट से आगे चल रहे हैं। इधर बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हसनपुर सीट से पीछे चल रहे हैं। बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा बांकीपुर सीट से पीछे चल रहे हैं। दानापुर से राजद के रीतलाल यादव आगे चल रहे हैं। अबतक की शुरुआती रुझानों में 126 पर एनडीए और 107 पर महागठबंधन के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बाहुबली अनंत सिंह मोकामा सीट से आगे चल रहे हैं। पप्पू यादव मधेपुरा में और राजद के अब्दुल बारी सिद्दकी पीछे चल रहे हैं। नीतीश सरकार के मंत्री जय कुमार सिंह और संतोष कुमार निराला अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं।
परसा से जदयू के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव के ससुर और लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय पीछे चल रहे हैं। जमुई से श्रेयसी सिंह आगे चल रही हैं। शुरुआती रुझानों में एनडीए और महागठबंधन में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांटे की टक्कर में फंसे बिहार के लिए मंगलवार को बड़ा फैसला आ रहा है। चुनावी नतीजे के लिए मतगणना की प्रक्रिया पूरे रौ में है। लालटेन या तीर, बिहार में किसकी सरकार होगी। तेजस्वी करेंगे अगुआई या फिर नीतीश का होगा नेतृत्व। मतगणना जारी है। वोटों की गिनती के बाद प्रत्याशियों की जीत-हार तय होगी। मतगणना के पल-पल के अपडेट्स के लिए बने रहें हमारे साथ…
1:35 PM: राजद के अब्दुल बारी सिद्दकी चुनाव हारे
बिहार चुनाव में पहला रिजल्ट दरभंगा के केवटी से आया है। यहां राजद के अब्दुल बारी सिद्दकी चुनाव हार गए हैं। यहां भाजपा के मुरारी मोहन झा चुनाव जीते हैं। इससे पहले सिद्दकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपने आपत्तिजनक कमेंट को लेकर चर्चा में रहे।

1:25 PM: सिवान में भिड़े राजद और भाजपा के समर्थक, लाठीचार्ज
सिवान के डायट स्थित मतगणना के दौरान राजद-बीजेपी के समर्थक आपस में भिड़ने की खबर है। हंगामे को शांत करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया है। इस मतगणना केंद्र पर गोरेयाकोठी , दरौली और महराजगंज विधानसभा सीटों की मतगणना हो रही है।
