दिल्ली से सटे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार से सांसद वीणा देवी और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के पुत्र आशुतोष कुमार की मौत हो गई।
नई दिल्ली/नोएडा, जेएनएन। दिल्ली से सटे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बिहार से सांसद वीणा देवी और पूर्व सांसद सूरजभान सिंह के पुत्र आशुतोष कुमार की मौत हो गई। वहीं, यमुना एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित बस पलटने से 6 लोगों के मरने की सूचना है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। सड़क हादसा घटना टप्पल क्षेत्र में हुआ है, जहां बस अनियंत्रित होकर यमुना एक्सप्रेस-वे से नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि यह बाजना इलाका है, जहां पर हादसा हुआ है।
नोएडा ग्रेटर एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा शनिवार तड़के हुआ। बताया जा रहा है कि बिहार की लोकसभा सीट से लोकजन शक्ति पार्टी से सांसद वीणा देवी का बेटा कहीं आ रहा था। इस दौरान दौरान आशुतोष की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। उसे नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आशुतोष के पास मिले आइ कार्ड से पता चला है कि वह शारदा विश्वविद्यालय का छात्र था। वह विश्वविद्यालय से बी टेक की पढ़ाई कर रहा था।