प्री मानसून की बारिश ने रविवार को पटना और उत्तर बिहार सहित राज्य के विभिन्न हिस्से को भिगोया। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा और राज्य के विभिन्न हिस्से में झमाझम बारिश हुई। घने बादलों को देख किसानों के चहेरे भी खिल उठे। महीने भर से जारी भीषण गर्मी से भी राहत मिली। अधिकतम तापमान चार से पांच डिग्री नीचे आ गया। उत्तर बिहार में तो अच्छी-खासी बारिश हुई।
बिहार से बंगाल की खाड़ी क्षेत्र तक बने ट्रॉफ लाइन की वजह से राज्य के अन्य हिस्से भी प्रभावित हुए। रविवार को सीतामढ़ी के अलावा दरभंगा, पूर्वी चंपारण व पश्चिम चंपारण में जमकर बारिश हुई। गया और बेगूसराय में भी जमकर बारिश हुई। वहीं सारण, गोपालगंज, सीवान, शेखपुरा, और नालंदा में कुछ देर के लिए बूंदाबांदी हुई। सहरसा व अररिया में भी पानी गिरा। जहानाबाद, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, नवादा आदि जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। इधर पटना में भी बूंदाबांदी हुई। पिछले 48 घंटे में पटना के पारे में सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई |