(A.j न्यूज़/ मोतिहारी)
रानी छपरा गांव में शुक्रवार की रात घर के बाहर सोई चार बहनों पर तेजाब फेंक दिया। इसमें 16 वर्षीय बड़ी बहन ऊषा कुमारी (बदला हुआ नाम) गंभीर रूप से झुलस गई। अन्य तीन बहनें भी झुलसीं हैं। तेजाब पड़ने के बाद बड़ी बहन अन्य बहनों के साथ मिलकर शोर करने लगी। इसके बाद आरोपित युवक तेजाब वाली बोतल फेंककर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल 8वीं की छात्रा ने बताया कि रुपडीह निवासी नीतीश रिश्ते में उसका मामा है। पिछले एक वर्ष से नीतीश अक्सर उसके घर आता-जाता था। हाल ही में उसके चाचा की शादी में वह घर आया था। इस दौरान छात्रा ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया। इससे नाराज नीतीश ने दो दिनों पूर्व धमकी दी थी कि देखना मैं क्या करूंगा।
पीड़िता बोली- 3-4 माह से हमारे बीच चल रहा था प्रेम-प्रसंग:पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उसका व नीतीश का पिछले 3-4 माह से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस दौरान नीतीश ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाया था। नीतीश से शादी करने की बात कही। इससे नाराज होकर कुछ दिनों पूर्व नीतीश ने मारपीट भी की थी। और आखिरी में उसने शरीर पर तेजाब फेंक दिया। इससे दायीं आंख, गला, चेहरा, हाथ सहित शरीर के कई अंग गंभीर रूप से झुलस गए।
3 दोस्तों के साथ आया था :पीड़िता के मौसा ने बताया कि नीतीश तीन दोस्तों के साथ आया था। घर से थोड़ी दूरी पर उसने बाइक खड़ी की। बाइक के पास दो दोस्त रुक गए। नीतीश दरवाजे पर आया और तेजाब फेंका। हल्ला होने पर तीनों बाइक से फरार हो गए।
डॉक्टर बोले-20 % जली है:बच्ची का इलाज कर रहे डॉक्टर अमित कुमार ने कहा कि वह 20 % झुलस चुकी है। बर्न वार्ड में एसी खराब होने से इन्फेक्शन का खतरा है। इधर, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर छापेमारी की।