उपमंडल ज्वालामुखी के गांव मझीण में दहेज उत्पीड़न से तंग आकर एक महिला ने अपने दो बच्चों सहित जहर निगल लिया। दोनों बच्चों ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार शनिवार को रेणु बाला (30) पत्नी प्रवीण कुमार निवासी गांव सडुही डाकखाना सियालकड तहसील खुंडियां ने अपने दो बच्चों विशाल (5) और सुमित (7) को जहरीली गोलियां खिलाने के बाद खुद भी खा लीं।
तीनों को गंभीर हालत में ग्रामीणों ने ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचाया। वहां से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां पर दोनों मासूम बच्चों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस टीम ने महिला के घर पर जाकर जांच की तो वहां महिला की ओर से लिखा एक सुसाइड नोट पुलिस को मिला। महिला ने सुसाइड नोट में अपने पति, देवर, सास-ससुर और ननदों पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप जड़ा है। सुसाइड नोट में महिला ने लिखा है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने दोनों बच्चों सहित जहर निगला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला के बयानों और सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।इस संदर्भ में फिलहाल अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।