सोहना रोड स्थित पार्क अस्पताल में बुधवार को एक महिला की डेंगू से मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों की मानें तो अस्पताल ने सही इलाज नहीं किया। इस वजह से महिला की जान चली गई। परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कर इंसाफ की मांग की है। अस्पताल प्रबंधन ने किसी तरह की लापरवाही बरतने से इंकार किया है। पलड़ा गांव निवासी अजय सिंह ने बताया कि बुखार के कारण उन्होंने अपनी मां मुकेश देवी को 10 सितंबर को पार्क अस्पताल में भर्ती करवाया था। यहां इलाज के बाद भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। दिन-ब-दिन तबियत बिगड़ती जा रही थी। जबकि अस्पताल प्रबंधन जांच रिपोर्ट में कुछ भी न आने की बात कह रहा था। मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी करवा परिजनों ने महिला को दिल्ली कैंट स्थित आर्मी के बेस अस्पताल में दिखाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनमें डेंगू की पुष्टि की। परिजन महिला को लेकर वापस गुरुग्राम आए। यहां तीन-चार अस्पतालों में जाने के बाद बिस्तर खाली न होने के कारण उन्होंने दोबारा पार्क अस्पताल में ही भर्ती करवा दिया। जहां बुधवार सुबह महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक सप्ताह में भी अस्पताल ने मरीज का सही इलाज नहीं किया। महिला को अस्पताल में सही इलाज दिया गया था। यहां महिला में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी। लक्षण पाए जाने पर उसे डेंगू की दवाइयां भी दी जा रही थीं। मंगलवार को परिजन जबरदस्ती मरीज को छुट्टी करवाकर ले गए।