झारखंड की राजधानी रांची में आर्थिक तंगी के चलते एक ही परिवार के सात लोगों की आत्महत्या का मामला सामने आया है। इस परिवार के लोग बिहार में मुंगेर जिले के चिरैयाबाग के मूल निवासी थे। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। इससे पहले इसी माह हजारीबाग में एक ही परिवार के छह लोगों के शव मिले थे।
रांची में परिवार के मुखिया दीपक झा ने भाई के साथ मिलकर अपनी पत्नी, बेटा, बेटी और मां-पिता की हत्या कर दी। फिर दोनों सगे भाई फंदे पर झूल गए। कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे स्थित घर में सोमवार की सुबह सात शव बरामद किए गए। पुलिस की जांच और कमरे से बरामद 15 पन्ने के सुसाइड नोट के अनुसार पूरी घटना के पीछे प्रथम दृष्ट्या आर्थिक तंगी व भारी कर्ज का मामला सामने आ रहा है।