कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर हैं। उन्होंने आज ट्विटर पर 18 सेकेंड का वीडियो का शेयर किया है। कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं। जिससे पता चलता है कि वह कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए हुए हैं। लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह ने उनकी इस यात्रा फर्जी करार दिया। उन्होंने राहुल गांधी की एक तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा कि ये तो फोटोशॉप है …छड़ी की परछाईं गायब है यानी उनके मुताबिक राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए ही नहीं। उसके बाद कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर सबूत पेश किए।
कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को राहुल की कैलाश पर्वत के सामने एक तस्वीर और उनकी फिटनेस वॉच के आंकड़े जारी किए गए। साथ ही कांग्रेस ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान राहुल गांधी तकरीबन 34 किलोमीटर पैदल चले।
राहुल ने कैलाश मानसरोवर की तस्वीरें ट्विटर पर शेयर कीं, उसके बाद सोशल मीडिया पर भी राहुल की इस यात्रा को फर्जी बताते हुए ट्रेंड होने लगीं। राहुल ने ट्विटर पर लिखा, ‘शिव ही ब्रह्मांड हैं।’
26 अप्रैल को कर्नाटक की यात्रा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष के विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान तेजी से नीचे आने लगा था, हालांकि फिर पायलट ने विमान संभाल लिया था और सुरक्षित नीचे उतारा था। इसके तीन दिन बाद 29 अप्रैल को गांधी ने एक रैली के दौरान कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने की घोषणा की थी। राहुल गांधी 31 अगस्त को इस यात्रा के लिए नेपाल रवाना हुए थे जहां से उन्होंने कैलाश के लिए प्रस्थान किया था। दिल्ली से नेपाल के लिए रवाना होने से पहले गांधी ने ट्वीट के जरिए कहा था,
‘ॐ असतो मा सद्गमय।
तमसो मा ज्योतिर्गमय।
मृत्योर्मामृतम् गमय।
ॐ शान्ति: शान्ति: शान्ति: ॥’