- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की
- मुलाकात के बाद शाह ने कहा- बिहार में लोजपा और रालोसपा भी भाजपा-जदयू के साथ
- नीतीश ने कहा- सीटों की संख्या को लेकर साथी दलों से अंतिम दौर में चल रही चर्चा
- जदयू ने 2014 का लोकसभा चुनाव अकेले लड़ा था, उसे 2 सीटें मिली थीं; एनडीए ने 31 सीटें जीती थीं
- नई दिल्ली/पटना. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुलाकात की। इस दौरान 2019 में बिहार में सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद शाह ने कहा कि बिहार में भाजपा और जदयू समान सीटों पर लड़ेंगी और संख्या का ऐलान बाद में किया जाएगा।
- शाह ने कहा- साथियों के साथ चर्चा में यही तय हुआ है कि मोदीजी के नेतृत्व में केंद्र में प्रचंड बहुमत में भाजपा की सरकार बनानी है। बिहार में भी एनडीए बड़ी ताकत बनकर उभरेगा। नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और लोजपा के रामविलास पासवान मिलकर चुनाव लड़ेंगे। 2019 के चुनाव में हम बिहार में और ज्यादा मजबूत होकर उभरेंगे।
-
नीतीश ने कहा- मोदी से मुलाकात भी हुई और विकास पर बात भी
नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे बीच बातचीत हो चुकी है। जदयू और भाजपा बराबर सीटों पर ही लड़ेंगे। बाकी दलों के सीटों की संख्या तय करने के बारे में अंतिम दौर में बातचीत चल रही है। सीटों की संख्या तय होने के बाद हम यह देखेंगे किस सीट से किस पार्टी का उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात हुई। विकास के मुद्दों पर भी बात हुई। -
लोसपा एनडीए के साथ
क्या उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता पार्टी भी एनडीए में है, इस पर नीतीश और शाह, दोनों ने कहा कि भाजपा, जदयू और लोजपा के साथ कुशवाहा की पार्टी भी एनडीए के साथ ही रहेगी।